मोहनलालगंज। मोहनलालगंज के भसंडा की एक बेबस मां नौ माह से इकलौते बेटे की तलाश में दर दर भटक रही है। लेकिन थाने और तहसील से लेकर डीसीपी ऑफिस तक गुहार लगाने के बावजूद मजदूरी के लिए महाराष्ट्र गए उसके बेटे की कोई खोज खबर नही मिल पा रही है। थकहार कर पीड़िता ने सीएम जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
मोहनलालगंज के भसंडा की निर्मला देवी का 20 वर्षीय बेटा सौरभ नौ माह पूर्व मजदूरी के लिए गांव के ही एक लड़के के साथ मुंबई गया था। निर्मला का आरोप है कि कुछ दिनों तक तो मोबाइल के जरिए सौरभ से उसकी बातचीत हुई लेकिन फिर उसका मोबाइल नंबर बंद बताने लगा। विधवा मां ने जब गांव के दूसरे लड़के से संपर्क किया तो आरोप है कि उसने साफ शब्दों में सौरभ के कही भाग जाने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
बेबस निर्मला तब से इकलौते बेटे की तलाश में थाने से लेकर डीसीपी ऑफिस तक गुहार लगाते हुए भटकती फिर रही है। निर्मला के मुताबिक नौ माह से पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद मुंबई पुलिस ने उनके लापता बेटे की गुमशुदगी तो दर्ज कर ली है। लेकिन बेटे का पता लगाने के लिए पुलिस कोई कार्रवाई नही कर रही है।
मजदूरी करके किसी तरह पेट पाल रही मां के मुताबिक उसके पास मुंबई जाकर बेटे की तलाश करने के लिए फूटी कौड़ी नही है। लिहाजा इकलौते बेटे की तलाश में दर दर भटक रही मां निर्मला ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर आपबीती दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक घटना मुंबई में हुई है इसलिए मुंबई पुलिस ही इस बारे में कुछ बेहतर जानकारी दे सकती है।












