अभिनेत्री मौनी रॉय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। हाल ही में उन्होंने व्यवसायी पति सूरज नांबियार से अलग होने की घोषणा की थी।
इसी बीच अब मौनी ने कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में अपनी शानदार मौजूदगी से लोगों का ध्यान खींच लिया है। कान्स से सामने आई उनकी ग्लैमरस तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिन पर फैंस लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
मौनी अपनी आगामी फिल्म ‘बॉम्बे स्टोरीज’ के प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित मार्शे डू फिल्म में शामिल हुईं। अभिनेत्री ने कान्स से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “कान्स और केओस! बोनजोर।” तस्वीरों में मौनी ब्लैक कॉलर वाली मिनी ड्रेस, स्टॉकिंग्स और ओवरसाइज़्ड कोट में बेहद स्टाइलिश नजर आ रही हैं।
उनका यह फैशन लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है। कान्स रवाना होने से पहले उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर भी देखा गया था, जहां वह पैपराजी से बचते हुए सीधे फ्रांस के लिए निकल गई थीं।
वर्कफ्रंट से ज्यादा इस समय मौनी की निजी जिंदगी चर्चा में है। मौनी और सूरज नांबियार ने 2022 में गोवा में शादी की थी, लेकिन अब दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है।
सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दोनों ने अपने अलगाव की जानकारी दी थी। हालांकि अभिनेत्री ने साफ किया कि वह सूरज के साथ दोस्ती का रिश्ता बनाए रखेंगी। फिलहाल दोनों के अलग होने की वजह सामने नहीं आई है।












