कानपुर। बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम द्वारा ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ के तहत शहर में राहत कार्य तेज किए गए हैं। लोगों को पेयजल, छांव और गर्मी से बचाव की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यह बातें मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहीं।
शहर में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू के प्रभाव को देखते हुए नगर निगम ने राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला प्रशासन के निर्देश पर शहर में व्यापक स्तर पर कार्यवाही शुरू कर दी है। नगर निगम द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पतालों, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त जल टैंकर लगाए गए हैं। वर्तमान में शहर में 16 अतिरिक्त जल टैंकर संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे प्रतिदिन हजारों लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर वाटर कूलर और प्याऊ की भी व्यवस्था की गई है।
गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम द्वारा 18 वाटर स्प्रिंकलर और छह एंटी-स्मॉग गनों के माध्यम से प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों और व्यस्त चौराहों पर नियमित जल छिड़काव कराया जा रहा है। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। नगर निगम ने शहर में संचालित इंडिया मार्क-II हैंडपंपों की मरम्मत का अभियान भी तेज कर दिया है। नगर क्षेत्र में लगभग 6979 हैंडपंप सक्रिय हैं और खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराया जा रहा है। जहां हैंडपंप संचालित नहीं हो पा रहे हैं वहां स्टैंड पोस्ट लगाए गए हैं।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि हीटवेव से बचाव के लिए स्मार्ट सिटी के डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक साइन बोर्ड के माध्यम से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। साथ ही रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, अस्पताल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अस्थायी कूलिंग सेंटर भी बनाए गए हैं। नगर निगम द्वारा दीर्घकालिक योजना के तहत वृक्षारोपण, ग्रीन कॉरिडोर विकास और कूल रूफ अभियान पर भी कार्य किया जा रहा है।












