#बस्ती_न्यूज
बस्ती के नगर-कप्तानगंज मार्ग लगातार बारिश के कारण बदहाल हो गया है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गड्ढों की मरम्मत के नाम पर ईंट के आधे-टूटे टुकड़े डाल दिए गए हैं, जिससे समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के पानी से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और घायल हो रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। छात्र अरमान ने बताया कि स्कूल जाते समय वह एक गड्ढे में गिर गया, जिससे उसे चोट लग गई। उसने कहा कि ऐसे हादसे रोजाना हो रहे हैं और कई अन्य छात्र भी गिरकर घायल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन सवार अक्सर संतुलन खो देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत, जलनिकासी की समुचित व्यवस्था तथा गड्ढों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से भरवाने की मांग की है, ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नगर-कप्तानगंज मार्ग बदहाल, जलभराव और गड्ढों से बढ़ी परेशानी:राहगीरों और स्कूली बच्चों का आवागमन हुआ कठिन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












