लखनऊ। सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान,सीएसआईआर-एनबीआरआई में बुधवार दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी ” पौधों के विकास और तनाव की प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करने वाले हार्मोनल क्रॉस-टॉक पर” का शुभारम्भ हुआ। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग , भारत सरकार तथा अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, शिक्षाविद्, शोधकर्ता, संकाय सदस्य एवं विद्यार्थी एकत्रित हुए हैं। संगोष्ठी का उद्देश्य पौध हार्मोन सिग्नलिंग, विकासीय जीवविज्ञान तथा तनाव अनुकूलन के क्षेत्र में हो रहे नवीनतम अनुसंधानों पर विचार-विमर्श एवं वैज्ञानिक संवाद को बढ़ावा देना है। संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. त्रिलोचन मोहपात्रा, अध्यक्ष, पौधा किस्म एवं कृषक अधिकार संरक्षण प्राधिकरण , कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार थे।
मुख्य अतिथि डॉ. त्रिलोचन मोहपात्रा ने देश की उभरती चुनौतियों के समाधान में पादप संसाधनों एवं पादप-आधारित समाधानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती जनसंख्या को देखते हुए आने वाले वर्षों में खाद्य सुरक्षा, पोषण सुरक्षा तथा स्वास्थ्य सुरक्षा देश की प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
उन्होंने कहा कि बदलते वैश्विक भू-राजनीतिक परिदृश्य के कारण ऊर्जा सुरक्षा भी एक महत्वपूर्ण चुनौती के रूप में उभरकर सामने आई है। ऐसे समय में पादप-आधारित समाधान इन राष्ट्रीय आवश्यकताओं की पूर्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न उत्पादन में आत्मनिर्भरता से लेकर जैव-ईंधन (बायोफ्यूल) जैसे क्षेत्रों तक पादप संसाधनों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
पौधों के हार्मोनल क्रॉस-टॉक पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारम्भ
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












