#बस्ती_न्यूज
बहादुरपुर विकास खंड के नौली गांव में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। तीन दिन पहले आई तेज आंधी के कारण गांव में छह बिजली के खंभे टूट गए थे, जिससे पूरे इलाके की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग सूचना के बावजूद समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। बिजली से चलने वाली मशीनें और मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए ग्रामीणों को जनरेटर का सहारा लेना पड़ रहा है, जिसके लिए उन्हें प्रति मोबाइल 40 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। भीषण उमस और गर्मी के बीच बिजली न होने से बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब है। रात भर लोग जागकर समय बिताने को मजबूर हैं। गांव में अंधेरा पसरा होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अवधेश चौधरी, प्रधान फूलचंद पांडे, सत कुमार चौधरी, सोनपाल, रमेश चंद्र उपाध्याय, तुलसीराम यादव, महेश चंद, अमरनाथ, अजय कुमार और गौरव पांडे सहित कई ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल खंभे बदलकर आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इस मामले में प्रतापपुर उपकेंद्र के अवर अभियंता शाहनवाज़ आलम ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की जानकारी मिल गई है। उन्होंने कहा कि आपूर्ति बहाल करने के लिए काम किया जा रहा है और शाम तक बिजली बहाल होने की उम्मीद है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में नौली गांव तीन दिन से अंधेरे में:तेज आंधी से छह पोल टूटे, पेयजल संकट गहराया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












