नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बातचीत करने का तरीका जल्द बदलने वाला है। वे एक सिस्टम की तरह नहीं बल्कि इंसानों की तरह आपके सवाल का जवाब दे पाएंगे। OpenAI की CTO रह चुकीं मीरा मुराती ने नए AI स्टार्टअप Thinking Machines Lab की शुरुआत की है। इस स्टार्टअप ने एक नया रिसर्च प्रोजेक्ट पेश किया है। इसका मकसद AI बातचीत को असली इंसानों की बातचीत जैसी बनाना है। इस मॉडल के जरिए एआई इंसानों की बात के दौरान उनकी बातचीत का जवाब दे सकता है।
क्या है इंटरैक्शन एआई मॉडल?
11 मई को पेश की गई एक रिसर्च प्रीव्यू में स्टार्टअप ने TML-Interaction-Small मॉडल पेश किया। यह 276 अरब पैरामीटर वाला ‘मिक्सचर-ऑफ-एक्सपर्ट्स’ (MoE) मॉडल है। यह मॉडल बातचीत को रुक-रुककर होने के बजाय लगातार चलने वाली लाइव स्ट्रीम के तौर पर प्रोसेस करता है। कंपनी ने बताया कि उसके इंटरैक्शन मॉडल शुरू से ही इस तरह बनाए गए हैं कि वे ऑडियो, वीडियो और टेक्स्ट के जरिए एक साथ होने वाले संचार को सपोर्ट कर सकें। इससे यूजर्स और AI सिस्टम किसी भी चल रही बातचीत के दौरान एक ही समय पर बोल सकते हैं, सुन सकते हैं, देख सकते हैं, खोज सकते हैं, फोटो बना सकते हैं और टूल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं।
इंसान के साथ-साथ देंगे जवाब
सीधा-सीधा कहें तो AI सिस्टम आने वाली आवाज को प्रोसेस करते हुए साथ ही साथ जवाब भी दे सकेंगे। फिलहाल ज्यादातर चैटबॉट एक के बाद एक तरीके का इस्तेमाल करते हैं। मतलब पहले सामने वाला बोलेगा, उसके बाद एआई चैटबॉट उसकी बात को समझकर जवाब देगा। नया मॉडल इसके बजाय एक ही समय में प्रभावी ढंग से सुन और बोल सकता है। इस टेक्नोलॉजी को फुल डुप्लेक्स इंटरैक्शन कहा जाता है। यह ठीक वैसा ही है जैसा इंसान फोन कॉल या आमने-सामने बैठकर बातचीत करते हैं।
0.40 सेकंड में मिलेगा आंसर
Thinking Machines Lab के अनुसार, उसका नया मॉडल TML-Interaction-Small सिर्फ 0.40 सेकंड में जवाब दे सकता है। यह रफ्तार दो इंसानों में आपस में हो रही बातचीत की स्पीड के काफी करीब है। कंपनी का दावा है कि यह गूगल और ओपनएआई जैसी कंपनियों द्वारा बनाए गए मिलते-जुलते वॉइस सिस्टम की तुलना में काफी तेज है।
कब लोग कर पाएंगे इस्तेमाल?
कंपनी का कहना है कि यह मॉडल अभी भी रिसर्च फेज में है और अभी आम लोगों के लिए उपलब्ध नहीं है। आने वाले महीनों में इसका एक लिमिटेड रिसर्च प्रीव्यू आ सकता है, जिसके बाद इस साल के आखिर में इसे बड़े पैमाने पर लॉन्च किया जाएगा।












