- कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने का लिया संकल्प
बिजनौर। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स, बिजनौर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा एवं गौतम राय ने पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और सभी को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पेड़ केवल प्रकृति की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि मानव जीवन के लिए प्राणवायु, स्वच्छ वातावरण और संतुलित जलवायु का आधार हैं। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का अनूठा संगम है, जो प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित करता है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे केवल पौधे लगाने तक ही सीमित न रहें, बल्कि उनकी नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर बनेगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनका संरक्षण करने तथा धरती माँ को हरा-भरा, स्वच्छ और सुंदर बनाने में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज को हरित अभियान से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।












