डुमरियागंज क्षेत्र के कूड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। निर्माणाधीन मकान की छत के लिए सरिया काट रहे 43 वर्षीय अब्दुल बारी की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब लोहे की छड़ों को काटने के दौरान कटर मशीन में अचानक बिजली प्रवाहित हो गई। छत की तैयारी के दौरान हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक अब्दुल बारी पुत्र हदीश सुबह करीब 8 बजे अपने घर पर छत डालने की तैयारी में जुटे थे। वह सरिया काटने वाली मशीन से काम कर रहे थे, तभी अचानक मशीन में करंट उतर आया। तेज झटके के साथ वह जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से झुलस गए। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेवा ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अब्दुल बारी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसर गया। मुंबई में मजदूरी कर चला रहे थे परिवार अब्दुल बारी रोजी-रोटी के लिए मुंबई में मजदूरी करते थे और परिवार का भरण-पोषण करते थे। कुछ समय से वह गांव में रहकर अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार की उम्मीदों को झकझोर कर रख दिया। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ मृतक अपने पीछे पत्नी नाजिमा खातून (45) और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। बड़ी बेटी शाहीन (19) है, जबकि जुड़वां बेटियां फातिमा (15) और आमिना (15) हैं। पिता की अचानक मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। गांव में शोक, लोगों में चर्चा घटना के बाद कूड़ी गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा उपकरणों की अनदेखी अक्सर ऐसे हादसों का कारण बनती है। सुरक्षा पर फिर खड़े हुए सवाल इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण स्थलों पर बिजली उपकरणों के सुरक्षित उपयोग और तकनीकी जांच की जरूरत को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे कार्यों में सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू कराने की मांग की है।
सिद्धार्थनगर में डुमरियागंज में दर्दनाक हादसा:सरिया काटते समय कटर में उतरा करंट, मजदूर की मौत
RELATED ARTICLES












