सिद्धार्थनगर के खेसरहा विकास खंड स्थित ग्राम पंचायत बिशुनपुर मुस्तहकम का कंपोजिट विद्यालय बुनियादी सुविधाओं के अभाव में बदहाल स्थिति का सामना कर रहा है। विद्यालय परिसर में चारों ओर जल जमाव और गंदगी फैली हुई है, जिससे बच्चों के पठन-पाठन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यह क्षेत्र आकांक्षी ब्लॉक खेसरहा के अंतर्गत आता है। विद्यालय के प्रांगण में भरे पानी के कारण बच्चों को आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। फिसलकर चोटिल होने की आशंका भी बनी रहती है। स्थिति यह है कि कई अभिभावक अपने बच्चों को विद्यालय भेजने से कतरा रहे हैं। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी खेसरहा अमित कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और शीघ्र ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। वहीं, विद्यालय के प्रधानाध्यापक नीरज मिश्रा ने बताया कि गंदगी और जल जमाव के कारण बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है और पढ़ाई सुचारु रूप से नहीं हो पा रही है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मोहन कसौधन ने बताया कि विद्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही नाली निर्माण एवं सफाई कार्य कराकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। अभिभावकों ने भी अपनी चिंता व्यक्त की है। नारायण राम ने कहा कि स्कूल में पानी भरा होने से बच्चों को काफी परेशानी हो रही है, जिससे उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है। किशोर ने बताया कि कई बार बच्चे फिसलकर गिर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। रामराज ने कहा कि अगर जल्द ही व्यवस्था नहीं सुधरी तो अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजना बंद कर देंगे। ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द विद्यालय परिसर में जल निकासी और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में शिक्षा मिल सके।
बिशुनपुर मुस्तहकम विद्यालय में जल जमाव:गंदगी से पढ़ाई प्रभावित, अभिभावक बच्चों को भेजने से कतरा रहे
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












