सिद्धार्थनगर के इटवा कस्बे में सड़क चौड़ीकरण के बावजूद राहगीर आए दिन जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां के मुख्य चौराहे पर अक्सर घंटों तक जाम लगा रहता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। गुरुवार और शुक्रवार को भी पुलिस को कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, पहले तहसील प्रशासन और नगर पंचायत इटवा ने सड़क के दोनों ओर नालियों के अंदर बनी पटरियों से अतिक्रमण हटवाया था। हालांकि, धीरे-धीरे सड़क और नाली के बीच की ये पटरियां एक बार फिर अतिक्रमण की चपेट में आ गई हैं। इसमें कुछ स्थायी अतिक्रमण हैं, लेकिन अधिकांश गतिशील अतिक्रमण जैसे ठेले और खाद्य सामग्री बेचने वाले वाहन शामिल हैं। इन गतिशील अतिक्रमणों के कारण सड़क संकरी हो जाती है। दुकानों पर आने वाले ग्राहक अक्सर जगह न मिलने के कारण अपने वाहन सड़क किनारे ही खड़े कर देते हैं। इससे मिनटों में सड़क पर जाम लग जाता है और लोग घंटों फंसे रहते हैं। व्यापारी जयप्रकाश अग्रहरि ने बताया कि भूसा लदे ओवरलोड ट्रक भी जाम का एक प्रमुख कारण बनते हैं। इसके अलावा, सड़क किनारे बची हुई पटरियों पर दुकानदार अपने सामने ठेले लगवाकर भी जाम की स्थिति पैदा करते हैं। व्यापारी रिजवान अहमद सिद्दीकी ने जाम से राहत के लिए सुझाव दिया कि सड़क के दोनों ओर पांच-पांच फीट जगह चिह्नित की जाए, जिसके अंदर कोई ठेला या वाहन न रहे। वहीं, व्यापारी वसीउल्लाह खान का कहना है कि सड़क पर डिवाइडर बनाया जाना चाहिए, क्योंकि जाम लगने पर बाएं साइड के वाहन दाहिनी ओर चले जाते हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ वाहन चालक सड़क पर वाहन खड़ा करके खरीदारी करते हैं या हालचाल पूछते हैं, और पुलिस कार्रवाई करने पर राजनीतिक सिफारिशें लगाते हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि शादी-विवाह के कारण इन दिनों वाहनों का संचालन अधिक हो रहा है। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
इटवा में मुख्य चौराहे पर जाम से लोगों को समस्या:अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से राहगीर घंटों परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












