HomeHealth & Fitnessआगरा में बाल विवाह पर पुलिस का छापा, सात फेरे से पहले...

आगरा में बाल विवाह पर पुलिस का छापा, सात फेरे से पहले रुकी शादी

आगरा। आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में मंगलवार को एक विवाह समारोह के दौरान अचानक पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम के पहुंचने से अफरा-तफरी मच गई। सात फेरों से ठीक पहले की गई इस कार्रवाई में एक नाबालिग किशोरी का विवाह रुकवा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, थाना किरावली क्षेत्र के गांव अवेधीपुरा से बारात बिचपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंची थी। शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं, तभी 112 नंबर पर मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंच गई।

टीम ने वधु पक्ष से लड़की की उम्र से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन परिजन कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में पता चला कि लड़की की उम्र करीब 16 वर्ष है, जो कानूनी विवाह आयु से कम है।

इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना जगदीशपुरा में शिकायत दर्ज कराई और किशोरी को अपने साथ ले गई। बाद में बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया।

समिति के निर्देश पर माता-पिता से शपथ पत्र भरवाया गया, जिसमें उन्होंने भविष्य में बाल विवाह न कराने का आश्वासन दिया। फिलहाल किशोरी को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है और 15 दिन बाद फॉलो-अप के लिए बुलाया गया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से एक संभावित बाल विवाह रुक गया और किशोरी का भविष्य सुरक्षित किया जा सका।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments