बहराइच के ब्लॉक नवाबगंज अंतर्गत रुपईडीहा में भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 6.770 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह का पर्यवेक्षण भी शामिल रहा। शनिवार, 26 अप्रैल 2026 को रुपईडीहा कस्बे में अवैध चरस तस्करी की सूचना मिली थी। इस पर एएनटीएफ यूनिट लखनऊ और रुपईडीहा पुलिस की संयुक्त टीम ने चकिया रोड स्थित सफीक मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान लगभग 40 वर्षीय इस्माईल पुत्र हनीफ, निवासी जमुनहा गांव, थाना रुपईडीहा, जनपद बहराइच को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में इस्माईल के पास से कुल 6.770 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नेपाल के बांके जिले से चरस लाकर भारत में बेचता था। रुपईडीहा थाने में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 87/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत, उपनिरीक्षक सूरज सिंह सहित रुपईडीहा पुलिस और एएनटीएफ लखनऊ की संयुक्त टीम शामिल थी।
नेपाल सीमा रुपईडीहा पर 1.50 करोड़ की चरस बरामद की:पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा, जेल भेजा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












