Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कांवड़ यात्रा की तैयारी, अमहट घाट पर प्रशासन अलर्ट:अधिकारियों ने मोटरबोट से...

कांवड़ यात्रा की तैयारी, अमहट घाट पर प्रशासन अलर्ट:अधिकारियों ने मोटरबोट से कुआनो नदी की धारा देखी

#बस्ती_न्यूज

आगामी श्रावण मेले और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार दोपहर 2 बजे अधिकारियों की एक टीम ने कुआनो नदी के तट पर स्थित ऐतिहासिक अमहट घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत, एसडीएम शत्रुघ्न पाठक और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों के अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता, जल सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन किया। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए नदी किनारे मजबूत बैरिकेडिंग और खतरे के निशान वाले चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए अधिकारियों ने पीएसी की मोटरबोट से नदी में जाकर जलस्तर, धारा की गति और गहराई का भी निरीक्षण किया। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को रात में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए घाट, पहुंच मार्ग, पार्किंग और स्नान स्थलों पर हाईमास्ट व एलईडी फ्लड लाइटें लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए बैकअप जनरेटर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। घाट और कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने, पर्याप्त कूड़ेदान रखने, सैनिटाइजेशन और कीटनाशक का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए। कांवड़ियों के लिए पेयजल टैंकर, वाटर बूथ और हैंडपंपों की व्यवस्था के साथ 24 घंटे मेडिकल बूथ और एंबुलेंस तैनात करने को कहा गया है। महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त मोबाइल और अस्थायी शौचालयों का भी प्रबंध किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। घाट पर पीएसी, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की 24 घंटे मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments