लखनऊ। राजधानी के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नगद रुपये, ताश के पत्ते और 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं छह आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को थाना रहीमाबाद की टीम क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कटौली स्थित मदरसे के पीछे आम के बाग में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार लोगों को मौके से पकड़ लिया, जबकि छह लोग भागने में सफल रहे। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बेचेलाल निवासी बदौरा मलिहाबाद, शिवकुमार निवासी इशापुर मलिहाबाद, मोहम्मद जिशान निवासी नियाजअली खेड़ा उन्नाव और अनिल कुमार निवासी हाशिमपुर रहीमाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1980 रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और 10 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में टीवीएस स्पोर्ट, पल्सर, होंडा ड्रीम, सुपर स्प्लेंडर, अपाचे, एक्टिवा समेत कई बाइक शामिल हैं।
इस मामले में थाना रहीमाबाद में जुआ अधिनियम की धारा 13 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक करन सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक संदीप कुमार समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।












