#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान (92.73 मीटर) से ऊपर पहुंच गया है। इसके कारण उमरिया-मौजपुर रिंग बांध और आसपास के इलाकों में कटान शुरू हो गई है। विशेष रूप से मौजपुर गांव के पूर्वी ठोकर (स्पर) के पास नदी की तेज धारा सीधे बांध से टकरा रही है। इससे बांध के अस्तित्व पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में चिंता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हर्रैया के उपजिलाधिकारी (SDM) उमाकांत तिवारी और बाढ़ खंड की टीमें मौके पर मुस्तैद हैं। कटान को रोकने के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। बाढ़ खंड के मजदूर और टीमें प्रभावित स्थलों पर लगातार काम कर रही हैं। बांध को सुरक्षित करने के लिए भारी संख्या में बोरी, बालू के कट्टे और जियो बैग डालकर चौबीसों घंटे फ्लड फाइटिंग का काम जारी है। बड़े अधिकारी खुद मौके पर कैंप कर रहे हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। यदि मौजपुर का यह रिंग बांध प्रभावित होता है, तो किशुनपुर, कनघुसरा, उमरिया, रेवटिया, सेमरा, कोइरीपुरवा और मौजपुर सहित दर्जनों निचले गांव बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं। ग्रामीण भी प्रशासन के साथ मिलकर रात-रात भर जागकर बांध की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। निचले पुरवों के लोग अपने जरूरी सामान, अनाज और मवेशियों को ऊंचे स्थानों या मुख्य तटबंध की ओर शिफ्ट करने की तैयारी में जुट गए हैं। नदी का बहाव बहुत तेज है। स्थानीय प्रशासन ने ग्रामीणों से किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय बाढ़ चौकी, लेखपाल या ग्राम प्रधान को सूचित करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर, बांध पर कटान:बस्ती के दुबौलिया में उमरिया-मौजपुर रिंग बांध पर मंडराया खतरा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












