रिपोर्ट:गजेंद्र कुमार गुप्त।
महराजगंज।बेटे की मौत को तंत्र-मंत्र से जोड़कर एक पिता ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। महराजगंज पुलिस ने एक तांत्रिक की बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान सड़क किनारे फेंकने वाले मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है।पुलिस के मुताबिक, गोरखपुर के सहजनवा का रहने वाला आरोपी राघवेन्द्र सिंह उर्फ जेलर, झाड़-फूंक और पूजा-पाठ करने वाले रमाकांत चौहान के संपर्क में था। फरवरी 2025 में राघवेंद्र के बेटे ऋषभ सिंह की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इस हादसे से टूट चुके पिता ने बेटे की मौत की वजह जानने के लिए कई ओझाओं और ज्योतिषाचार्यों से संपर्क किया।
आरोपी का दावा है कि कुछ तांत्रिकों ने उसे पट्टी पढ़ाई कि उसके बेटे की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि रमाकांत के तंत्र-मंत्र का नतीजा थी। बस इसी अंधविश्वास और शक ने राघवेंद्र के भीतर बदले की ऐसी आग सुलगाई, जिसने उसे कातिल बना दिया।योजना के मुताबिक, 1 जून 2025 को आरोपी राघवेंद्र ने रमाकांत को पूजा कराने के बहाने अपनी कार में बिठाया। रास्ते में उसने बड़ी चालाकी से रमाकांत को नशीला पदार्थ मिला हुआ कोल्ड ड्रिंक पिला दिया। जैसे ही रमाकांत बेसुध हुआ, देर रात सहजनवा के पास एक सुनसान इलाके में राघवेंद्र ने कार रोकी और लोहे की भारी पाइप से रमाकांत के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण रमाकांत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को कार में ही रखकर बस्ती जिले के एक सुनसान इलाके में ले गया और सड़क किनारे फेंककर फरार हो गया। इधर, जब रमाकांत कई दिनों तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी और हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।पुलिस ने जब कड़ियों को जोड़ना शुरू किया, तो शक की सुई राघवेंद्र पर आकर टिकी। कड़ाई से की गई पूछताछ और पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर महराजगंज पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा और सलाखों के पीछे भेज दिया है।












