चांदपुर। जनपद बिजनौर में समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय आभा फाउंडेशन द्वारा “सेवा ही संकल्प” अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। संस्था की ओर से महिलाओं के स्वास्थ्य, नेत्र चिकित्सा एवं जरूरतमंद महिलाओं की सहायता को लेकर विशेष शिविरों की रूपरेखा तैयार की गई है।
आभा फाउंडेशन की संस्थापिका एवं समाजसेवी आभा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पहला कार्यक्रम 17 मई रविवार को स्याऊ स्थित झारखंडी मंदिर प्रभालय स्थान के निकट आयोजित किया जाएगा। प्रातः 9 बजे से शुरू होने वाले नारी स्वास्थ्य जागरूकता शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जांच, चिकित्सकीय परामर्श तथा दवाइयों का निशुल्क वितरण किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद 24 मई रविवार को ग्राम अजदेव खानपुर स्थित ग्राम पंचायत भवन में सातवां नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले इस शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञों द्वारा आंखों की जांच, परामर्श, दवा एवं चश्मा वितरण किया जाएगा। साथ ही मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों के ऑपरेशन हेतु पंजीकरण एवं आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया भी पूरी कराई जाएगी। संस्था द्वारा पूर्व में आयोजित नेत्र शिविरों में भी बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिल चुका है।
आभा सिंह ने आगे बताया कि 31 मई रविवार को ग्राम फीना स्थित यूनिक हॉस्पिटल में विधवा एवं विकलांग महिलाओं के लिए कुकर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि लाभ प्राप्त करने के इच्छुक जरूरतमंदों को अपना मोबाइल नंबर एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य रहेगा, ताकि पात्रता का सत्यापन किया जा सके।
समाजसेवी आभा सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोग इन शिविरों का लाभ उठाएं तथा समय से पहुंचकर पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि आभा फाउंडेशन भविष्य में भी इसी प्रकार समाजहित में सेवा कार्य करता रहेगा।












