लखनऊ। सोमवार लविवि में छात्रों के निष्कासन और फीस बढ़ोत्तरी के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा धरना स्थल पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने वहीं से एलयू के कुलपति को फोन मिलाया।
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि छात्रों के साथ किसी भी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, आंदोलन को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के फरेंदा विधायक विरेंद्र चौधरी के भी धरना स्थल पर पहुंचने की संभावना है। धरने पर बैठे छात्रों की विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी जारी है। छात्रों का कहना है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने पर कार्रवाई की जा रही है।
जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन खुद अड़ियल रुख अपनाकर कई गुना फीस बढ़ा दे रहा है। धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि जब तक निष्कासन वापस नहीं लिया जाता और फीस वृद्धि समेत अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने धरना स्थल पर ही कुलपति से बात कर छात्रों का निष्कासन वापस लेने की अपील की थी।












