जनपद श्रावस्ती को दिसंबर , 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य एवं ऑपरेशन रक्षा अभियान के अंतर्गत दिनांक 06.08.2026 को *जिलाधिकारी श्रीमती अन्नपूर्णा गर्ग* एवं *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में आकांक्षी विकासखंड जमुनहा क्षेत्र में विशेष बाल श्रम उन्मूलन एवं प्रवर्तन अभियान संचालित किया गया।
अभियान का संचालन बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (यथासंशोधित-2016) के तहत नामित निरीक्षक एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री दिग्विजय सिंह तथा थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) के प्रभारी श्री लाल साहब सिंह द्वारा किया गया।
अभियान के अंतर्गत जमुनहा बाजार, मल्हीपुर चौराहा एवं कानूबोझी चौराहा सहित प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान 14 वर्ष से कम आयु के 5 बच्चे विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्य करते हुए पाए गए। संबंधित प्रकरणों में अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों को बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों से अवगत कराया। साथ ही, *”बाल श्रम कराना दंडनीय अपराध है”* विषयक जागरूकता स्टिकर लगवाए गए तथा व्यापारियों एवं आमजन को बाल श्रम के सामाजिक, शैक्षिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए बच्चों के शिक्षा, सुरक्षा एवं संरक्षण के अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) श्री दिग्विजय सिंह ने सभी सेवायोजकों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में बाल श्रम न कराया जाए तथा जनपद श्रावस्ती को दिसंबर, 2026 तक बाल श्रम मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उक्त संयुक्त अभियान में *एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (AHT) पुलिस इकाई, महिला कल्याण विभाग, एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA), देहात इंडिया, विज्ञान फाउंडेशन* सहित अन्य संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के अधिकारियों एवं कार्मिकों की सक्रिय सहभागिता रही।












