श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड की ग्राम पंचायत बकवा के मजरा नगारिया गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर एक साल से अधिक समय से पत्थर पड़े हैं। विधायक द्वारा निर्मित इस पक्की सड़क पर अतिरिक्त पत्थरों को बीच रास्ते में ही छोड़ दिया गया है, जिससे हजारों वाहनों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन करीब दो हजार से अधिक लोग गुजरते हैं। मुख्य मार्ग पर पत्थरों के जमाव के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीण पप्पू यादव ने बताया कि सड़क इतनी संकरी हो गई है कि एक साथ दो वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। इसी मार्ग पर जलभराव की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। मैनुद्दीन खान ने जानकारी दी कि जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी होती है। उन्हें मजबूरन पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। स्थानीय निवासी जान मोहम्मद खान, एहसान खान, हवलदार खान और आवेद खान सहित अन्य ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान तथा प्रशासनिक अधिकारियों से इस मार्ग से पत्थरों को हटाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी।
नगारिया गांव सड़क पर पत्थर, आवागमन बाधित:क्षतिग्रस्त मार्ग से राहगीरों को परेशानी, दुर्घटना का खतरा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












