Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कैसरगंज में मानसून की जोरदार दस्तक:किसानों के चेहरे खिले, भीषण गर्मी से...

कैसरगंज में मानसून की जोरदार दस्तक:किसानों के चेहरे खिले, भीषण गर्मी से मिली राहत


बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाकों में लगभग एक महीने के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने दस्तक दे दी है। झमाझम बारिश से जहां भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई है। बुधवार रात से शुरू होकर गुरुवार सुबह से लेकर अभी रुक रुक बारिश जारी है, इस बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से निजात दिलाई। किसानों के लिए यह वर्षा किसी अमृत से कम नहीं साबित हुई है, क्योंकि वे लंबे समय से इसकी प्रतीक्षा कर रहे थे। पानी की कमी के कारण धान गन्ना सहित खरीफ की फसलें प्रभावित होने लगी थीं, जिससे किसान चिंतित थे और आसमान की ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहे थे। बारिश होते ही खेतों में हरियाली की नई उम्मीद जाग उठी है। बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त पानी भर गया है, जिससे धान की रोपाई और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की संभावना है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश फसलों के लिए जीवनदायिनी है। यदि आने वाले दिनों में भी मानसून सक्रिय रहा, तो इस वर्ष अच्छी पैदावार की पूरी संभावना है। दूसरी ओर, लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान आम लोगों ने भी राहत की सांस ली है। मौसम सुहावना होने से बाजारों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर रौनक लौट आई है। बच्चों ने बारिश का आनंद लिया, तो बुजुर्गों ने भी सुहावने मौसम का लुत्फ उठाया। कैसरगंज क्षेत्र में मानसून की इस शुरुआत ने किसानों की उम्मीदों को नई उड़ान दी है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह बरसात केवल खेतों को ही नहीं, बल्कि पूरे इलाके में खुशहाली का संदेश लेकर आई है। अब किसानों की निगाहें आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हैं, ताकि उनकी मेहनत का पूरा फल उन्हें मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments