निघासन-खीरी,16 अप्रैल(तरुणमित्र)।थाना क्षेत्र के ग्राम सरपतहा में डॉ. भीमराव अंबेडकर व गौतम बुद्ध की प्रतिमा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खड़ा हो गया। मामला उस समय तूल पकड़ गया जब 15 अप्रैल की रात प्रतिमा को खंडित किए जाने का आरोप सामने आया, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की एक ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसी जमीन पर गांव निवासी तोताराम का कब्जा है, जिसे ग्रामीण खाली कराकर वहां अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करना चाहते थे। मामला पुलिस तक पहुंचने पर पुलिस ने 14 अप्रैल, अंबेडकर जयंती के बाद निर्णय लेने की बात कही थी।
इसी बीच 14 अप्रैल को ग्रामीणों ने उक्त भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर उनका जन्मदिन मनाया। इस दौरान केक काटा गया और भंडारे का भी आयोजन हुआ। लेकिन अगले ही दिन 15 अप्रैल की रात प्रतिमा को खंडित किए जाने का आरोप लगा, जिससे गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही थाना निघासन के कोतवाल अवधराज सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। साथ ही एसडीएम निघासन राजीव निगम भी मौके पर पहुंच गए। संभावित विवाद को देखते हुए पूरी रात पुलिस बल गांव में तैनात रहा और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर डटे रहे।
प्रशासन की सक्रियता के चलते मामला बढ़ने से पहले ही दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया और आपसी सहमति से सुलह करा दी गई।
एसडीएम राजीव निगम ने बताया कि प्रतिमा खंडित किए जाने की सूचना मिली थी, लेकिन मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई है और गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
अंबेडकर प्रतिमा खंडित होने के आरोप से गांव में तनाव, प्रशासन की सूझबूझ से मामला शांत
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











