HomeHealth & Fitnessरविवार को होगा वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 66.18 लाख पौधों का वृहद रोपण

रविवार को होगा वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026, 66.18 लाख पौधों का वृहद रोपण

  • नोडल अधिकारी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए निर्देश 

बिजनौर। जनपद में रविवार को आयोजित होने वाले वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 से पहले शासन के नामित नोडल अधिकारी योगेश कुमार (आयुक्त एवं निबंधक, सहकारिता) ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पौधारोपण के साथ प्रत्येक पौधे का संरक्षण और शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक में नोडल अधिकारी ने विभागवार पौधों की उपलब्धता, उठान, रोपण स्थलों की तैयारी और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को समय से पौधों का उठान कर चिन्हित स्थलों पर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाकर अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने पर जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पौधारोपण के बाद प्रत्येक पौधे की समयबद्ध जियो टैगिंग की जाएगी और अभियान का पूरा विवरण निर्धारित पोर्टल पर अपलोड होगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान की मॉनिटरिंग को पारदर्शी बनाने के लिए ड्रोन से वीडियो रिकॉर्डिंग और उच्च गुणवत्ता की फोटोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए।

प्रभागीय निदेशक जय सिंह कुशवाहा ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए बिजनौर में 75 लाख 99 हजार 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित है। इनमें 9 लाख 81 हजार पौधे पहले ही रोपे जा चुके हैं, जबकि शेष 66 लाख 18 हजार 500 पौधों का रोपण रविवार को वृहद अभियान के तहत किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों ने पौधों का उठान, रोपण स्थलों की तैयारी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

जिलाधिकारी जसजीत कौर ने नोडल अधिकारी को भरोसा दिलाया कि शासन के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूर्ति के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, जियो टैगिंग और प्रभावी मॉनिटरिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रह सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, डीसी जीआरबी यादव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सदर एसडीएम रितु रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments