HomeHealth & Fitnessमुख्य बाजार में चोरों का धावा, दो दुकानों से लाखों की नकदी-सामान...

मुख्य बाजार में चोरों का धावा, दो दुकानों से लाखों की नकदी-सामान चोरी

बदायूं। शहर के मुख्य बाजार में गुरुवार रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह दुकानें खोलने पहुंचे व्यापारियों को ताले टूटे और सामान बिखरा मिला तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद बाजार के व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है।

मुख्य बाजार स्थित प्रभात जनरल मर्चेंट की दुकान से चोर करीब पांच लाख रुपये की नकदी और लगभग 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। वहीं पास में स्थित गांधी ड्रायफ्रूट्स की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से करीब पौने दो लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते दुकानों तक पहुंचे। उन्होंने बाजार की करीब चार दुकानों के दरवाजे काटकर चोरी का प्रयास किया। इनमें से दो दुकानों में चोर वारदात को अंजाम देने में सफल रहे, जबकि अन्य दुकानों में उनका प्रयास पूरी तरह सफल नहीं हो सका। दुकानों के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरों की पहचान पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।

शुक्रवार सुबह दुकान मालिकों के पहुंचने पर चोरी की घटना का पता चला। टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सदर कोतवाल संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों का सुराग तलाशा जा रहा है। मुख्य बाजार में हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने रात के समय गश्त बढ़ाने के साथ ही बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि बाजार में नियमित निगरानी और प्रभावी गश्त से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments