Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में तीन दिन में दो की मौत:मवेशी से टकराने से बाइक...

श्रावस्ती में तीन दिन में दो की मौत:मवेशी से टकराने से बाइक सवार की मौत, बारात से निकले युवक का सड़क किनारे मिला शव


श्रावस्ती जनपद के सोनवा थाना क्षेत्र में तीन दिनों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक मामले में छुट्टा मवेशी से बाइक टकराने के बाद घायल मजदूर ने लखनऊ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे मामले में एक युवक का शव सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है। पहली घटना बुधवार रात सोनवा थाना क्षेत्र के धूमबोझी गांव के पास हुई। बाइक सवार सद्दाम (34) की बाइक सड़क पर अचानक आए छुट्टा मवेशी से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ ले गए, जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सद्दाम मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके निधन से परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे तीन बेटे, तीन बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता छोड़ गए हैं।
दूसरी घटना शनिवार देर रात सोनवा थाना क्षेत्र के बरदेहरा मोड़ के पास सामने आई। शादी समारोह में शामिल होने आया एक युवक रात में अचानक कहीं चला गया था। रविवार सुबह उसका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान बहराइच जिले के शेखदहीर, सच्चा आश्रम टेपरा निवासी नारायण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नारायण श्रावस्ती के दुर्गापुर गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आया था। बारात में शामिल लोगों के अनुसार, वह नशे का आदी था और रात में अचानक वहां से निकल गया था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत भी किसी सड़क हादसे में हुई हो सकती है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे किसी वाहन ने टक्कर मारी या किसी अन्य कारण से उसकी जान गई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कों पर घूम रहे छुट्टा मवेशी लगातार हादसों का कारण बन रहे हैं। खासकर रात के समय अंधेरे में वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से छुट्टा मवेशियों के उचित प्रबंधन की मांग करते हुए रात में सावधानी बरतने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments