Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती मे कार सवार दो बकरी चोर गिरफ्तार:दोनों बहराइच के रहने वाले,...

श्रावस्ती मे कार सवार दो बकरी चोर गिरफ्तार:दोनों बहराइच के रहने वाले, चलती कार से देते थे वारदात को अंजाम


श्रावस्ती :जनपद मे पुलिस ने बकरी चोरी के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बकरियां और घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (UP 32 NZ 6919) बरामद की है। यह घटना 19 जून 2026 की है। थाना सिरसिया क्षेत्र के मोरावनपुर बालापुर निवासी भगवती ने प्रातः लगभग 08:00 बजे तहरीर देकर बताया था कि बीती रात लगभग 02:00 बजे दो अज्ञात व्यक्ति एक सफेद कार से उनके घर के पास बंधी दो बकरियां चुराकर फरार हो गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सिरसिया में तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस एवं 207 मोटर वाहन अधिनियम की धाराएं बढ़ाई गईं। थानाध्यक्ष सौरभ सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के फलस्वरूप पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे। पुलिस टीम ने शनिवार को रामपुर बंधा जंगल के पास से एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें से चोरी की दो बकरियां बरामद हुईं। मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बहराइच जिले के थाना रानीपुर अंतर्गत सरवा पोस्ट चाकू जोत निवासी नसरुद्दीन और जमाल के रूप में हुई है। कार सवारों द्वारा बकरी चोरी करने की इस घटना को लेकर लोग भी हैरान थे। पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई से न केवल पीड़ित को राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में अपराधियों पर भी अंकुश लगा है। आमजन ने सिरसिया पुलिस की तत्परता और सक्रियता की सराहना की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments