बहराइच में शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (SSB) और उत्तर प्रदेश पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो भारतीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में विदेशी और स्थानीय शराब बरामद की गई है। यह कार्रवाई 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नानपारा और थाना मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध गतिविधियों और तस्करी पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की। कमांडेंट कैलाश चंद रमोला के नेतृत्व में 1 मई को मिली सटीक खुफिया सूचना के आधार पर एक गश्ती दल का गठन किया गया था। गश्ती दल सीमा स्तंभ संख्या 659/1 के पास पहुंचा, जहां भारतीय सीमा से लगभग 80 मीटर अंदर नेपाल की ओर से दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। जवानों द्वारा रुकने का संकेत देने पर दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से करनाली गोल्ड मदिरा की 90 बोतलें (30 एमएल), बारिक्स मदिरा की 60 बोतलें (30 एमएल), लगभग 50 लीटर स्थानीय मदिरा और दो साइकिलें बरामद की गईं। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र निवासी मुरली (41 वर्ष) पुत्र इतवारी और राम बहादुर (35 वर्ष) पुत्र परशुराम के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह मदिरा नेपाल से लाकर भारत में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद जब्त माल और दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लेकर थाना मोतीपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसबी ने स्पष्ट किया है कि बल सीमा पर किसी भी प्रकार की तस्करी और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। भविष्य में भी इस तरह के सख्त अभियान जारी रहेंगे।
बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर दो तस्कर गिरफ्तार:एसएसबी और यूपी पुलिस ने विदेशी शराब जब्त की, दौड़ाकर पकड़ा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












