Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)भारत-नेपाल सीमा पर दो युवक 57 लीटर पेट्रोल संग गिरफ्तार:अवैध तस्करी रोकने...

भारत-नेपाल सीमा पर दो युवक 57 लीटर पेट्रोल संग गिरफ्तार:अवैध तस्करी रोकने के लिए SSB-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई


भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 43वीं वाहिनी और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सीमा चौकी बजहा पोखरभीटवा क्षेत्र में गश्त के दौरान 57 लीटर पेट्रोल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, संयुक्त गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध रूप से पेट्रोल नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एसएसबी और पुलिस की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 552 के पास निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से 6 जरीकेन में कुल 57 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान मनोज कुमार पुत्र वीरेंद्र और दिपेन्द्र कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेंद्र, निवासी ग्राम भरवांलिया, पोस्ट बजहा बाजार, थाना क्षेत्र कपिलवस्तु, जिला सिद्धार्थनगर के रूप में बताई। उन्होंने स्वीकार किया कि वे इस पेट्रोल को भारत से नेपाल में अवैध रूप से बेचने के उद्देश्य से ले जा रहे थे। संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बरामद पेट्रोल और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। सभी बरामद सामान को विधिवत जब्ती प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम ककरहा को सौंप दिया गया है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की आवाजाही, अवैध मुद्रा और वन्यजीव तस्करी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बल लगातार अभियान चला रहा है। नियमित गश्त और सतर्कता के कारण ही इस तरह की कार्रवाई संभव हो पाती है। उन्होंने यह भी कहा कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत करने तथा अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments