HomeHealth & Fitnessवाहन सौदे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो लोग...

वाहन सौदे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, चाकूबाजी में दो लोग घायल

शिमला। शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में टिपर खरीदने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। चलती कार में हुई हाथापाई के दौरान चाकूबाजी होने से दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह मामला थाना कुमारसैन में राहुल नाम के व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज किया गया है। राहुल ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2023 से 2025 तक सौरभ नाम के व्यक्ति का टिपर चलाता था।

सौरभ संजौली का रहने वाला है और वह अपना टिपर बेचने की तैयारी में था। राहुल ने उसे कहा था कि वह यह टिपर खरीदना चाहता है। शिकायत के मुताबिक 11 मई को राहुल वाया इलाके में था, तभी सौरभ का फोन आया।

सौरभ ने उसे कुमारसैन आने और टिपर दिखाने के लिए शिमला चलने को कहा। इसके बाद सौरभ सफेद रंग की स्विफ्ट कार में राहुल से मिलने पहुंचा। कार में उसके साथ विक्की नाम का युवक भी मौजूद था। तीनों लोग सुन्नी के रास्ते शिमला की ओर रवाना हो गए।

राहुल के अनुसार रास्ते में उसने सौरभ से वर्ष 2025 के करीब 60 हजार रुपये उधार लौटाने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि जब उनकी कार सनावगी से करीब दो किलोमीटर आगे पहुंची तो रात करीब साढ़े नौ बजे विवाद बढ़ गया और हाथापाई होने लगी।

राहुल ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान सौरभ ने कार से सब्जी काटने वाली छुरी निकाली और उसे डराने लगा। पीछे बैठा विक्की बीच-बचाव करने लगा और छुरी छीनने की कोशिश की।

शिकायत के अनुसार छीनाझपटी के दौरान सौरभ के गले में उसी छुरी से चोट लग गई। आरोप है कि इसके बाद सौरभ ने छुरी से हमला किया, जिससे राहुल के कान, गाल, ठोड़ी और बाजू पर चोटें आईं। इस बीच विक्की वहां से भाग गया।

बताया गया कि बाद में सौरभ और राहुल दोनों कार से बाहर उतर गए। उसी समय सुन्नी की तरफ से आ रहा एक तेल टैंकर वहां पहुंचा। टैंकर चालक ने दोनों को छुड़ाया और उन्हें सनावगी ढाबे के पास ले गया। कुछ देर बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सौरभ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन ले जाया गया, जबकि राहुल को महात्मा गांधी मेडिकल सर्विसेज कॉम्प्लेक्स खनेरी में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार मेडिकल जांच में राहुल की चोटों को साधारण लेकिन धारदार हथियार से लगी चोटें बताया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments