- पीड़ित ने थाना में दी तहरीर
लखनऊ। गोमतीनगर थाना क्षेत्र स्थित विराम खंड में चोरों ने एक डॉक्टर के बंद मकान में चोरी की। चोरों ने घर से 40-50 लाख रुपए के जेवर, नकदी और बैंक से जुड़े अहम दस्तावेज चोरी कर लिए। उसके बाद जाते समय लॉकर की चाबी भी निकाल ले गए। डॉक्टर परिवार के साथ त्र्यंबकेश्वर महादेव दर्शन करने नासिक गए हुए थे।
पीड़ित डॉ. निशांत जायसवाल के मुताबिक, कासगंज एटा में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वह इस वक्त छुट्टी पर लखनऊ आए हुए थे। पत्नी और बेटे यहीं रहते हैं। 12 जुलाई को परिवार के साथ नासिक त्र्यम्बकेश्वर महादेव दर्शन करने गए थे। रविवार सुबह करीब 8 बजे घर पहुंचे तो चोरी की जानकारी हुई। चोरों ने घर की अलमारी और दोनों बेड के बॉक्स खंगाल दिए।
घर से सोने की चार चूड़ियां, 10 जोड़ी बालियां, सात अंगूठियां, तीन चेन, छह जोड़ी चांदी की पायल, चांदी का लोटा, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, 12 ग्राम की चांदी की अंगूठी और 50 हजार रुपए नकद समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित के अनुसार, बैंक की पासबुक, चेकबुक, महत्वपूर्ण बैंक दस्तावेज और बैंक लॉकर की चाबी भी गायब है। डॉ. जायसवाल ने गोमतीनगर थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है।












