भुवनेश्वर। केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने ओडिशा के नेता प्रतिपक्ष नवीन के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ओडिशा की लोकसभा सीटों की संख्या 21 से बढ़ाकर 32 किए जाने जैसी सकारात्मक संभावना से भय या आश्चर्य जताना समझ से परे है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया में प्रधान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का बयान भ्रामक है और राज्य की जनता के बीच भ्रम पैदा कर रहा है। उन्होंने इसे “बेबुनियाद और हास्यास्पद” करार दिया।
प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के माध्यम से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है।
उन्होंने आगे बताया कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में 131वें संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्पष्ट किया कि सभी राज्यों की तरह ओडिशा का प्रतिनिधित्व भी लगभग 50 प्रतिशत तक बढ़ेगा। इसके परिणामस्वरूप राज्य की लोकसभा सीटें 21 से बढ़कर 32 हो सकती हैं।
प्रधान ने कहा कि इस वृद्धि से कम से कम 11 महिलाओं को ओडिशा से सांसद बनने का अवसर मिलेगा। वर्तमान में लोकसभा में ओडिशा की हिस्सेदारी 3.87 प्रतिशत है, जो सीट बढ़ने के बाद 3.91 प्रतिशत तक पहुंच सकती है, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की भूमिका और मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नवीन पटनायक जैसे वरिष्ठ नेता से तथ्य आधारित बयान की अपेक्षा की जाती है। गलत जानकारी फैलाने के बजाय तथ्य प्रस्तुत करना राज्य के हित में होगा।












