तरुणमित्र।
पड़रियातुला-खीरी। भीरा थाना क्षेत्र के भीरा-बिजुआ स्टेट हाईवे पर रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार ग्राम मनहरिया निवासी नितिन सिंह उर्फ आशू (18) पुत्र जितेंद्र सिंह अपने साथियों दीपक सिंह (19) पुत्र रूपेंद्र सिंह व नीरज (20) पुत्र परसराम के साथ बाइक से भीरा की ओर जा रहा था। तभी मनमीत नगर कॉलेज के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने बिना एंबुलेंस का इंतजार किए निजी वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लखीमपुर ले जाते समय रास्ते में नितिन की मौत हो गई, जबकि घायल दीपक व नीरज का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।सूचना पर पहुंची भीरा पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस कार चालक की तलाश के साथ मामले की जांच में जुटी हुई है।
नितिन की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। छोटा भाई आशीष बार-बार अपने भाई को पुकारकर बेसुध हो रहा है। पिता जितेंद्र सिंह खुद को संभालते हुए परिवार को ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मां मीरा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन खुशबू समेत पूरे परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि नितिन स्वभाव से बेहद सरल और मेहनती युवक था। इंटरमीडिएट पास करने के बाद वह आगे की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन सड़क हादसे ने सब कुछ छीन लिया।












