HomeHealth & Fitnessबर्थ डे पार्टी की बुकिंग के बहाने लाखों की लूट, कैमरे और...

बर्थ डे पार्टी की बुकिंग के बहाने लाखों की लूट, कैमरे और मोबाइल लेकर फरार

बीकेटी,लखनऊ। बख्शी का तालाब-इटौजा-माल रोड पर हीरा पुरवा तिराहे के पास दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर एक कार को रोका। बदमाशों ने कार सवार स्टूडियो कर्मियों पर तमंचा तानकर उनके छह कीमती कैमरे, सात लेंस, दो गिम्बल और सभी के मोबाइल फोन लूट लिए और फरार हो गए।

पीड़ित की तहरीर पर पुलिस एफआईआर कर लिया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी उत्तरी गोपाल चौधरी ने खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके का मुआयना किया। माल थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा गांव के रहने वाले पीड़ित अशोक यादव ने बताया कि, वह गहदों में स्टेशनरी की दुकान चलाते हैं और साथ ही घर से ही शादी-पार्टियों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम भी करते हैं। अशोक के मुताबिक, रविवार 31 मई को आशु नाम के एक अज्ञात युवक ने उन्हें फोन किया था। उसने सोमवार की शाम के लिए एक बर्थडे पार्टी की बुकिंग की बात कही और उन्हें इटौंजा के हीरापुरवा के पास पहुंचने का निर्देश दिया। 

सोमवार शाम को अशोक अपनी कार में कीमती उपकरण लादकर अपने सहकर्मियों सनी, शशांक गुप्ता, सचिन गौतम और रोहन कुमार के साथ बताए पते के लिए रवाना हुए। रोहन कुमार मूल रूप से सीवान (बिहार) का निवासी है और टीम में नया था। जैसे ही उनकी कार हीरा पुरवा तिराहे के पास सुनसान इलाके में पहुंची, पहले से घात लगाए बैठे चार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोक लिया। 

कार रुकते ही बदमाशों ने शीशे पर तमंचा सटा दिया और जान से मारने की धमकी देकर सारा कीमती सामान समेटकर बाइक से रफूचक्कर हो गए। इस पूरी वारदात में अशोक यादव ने अपने ही साथी रोहन कुमार पर गहरी साजिश रचने का आरोप लगाया है। अशोक ने पुलिस को बताया कि, रोहन की भूमिका शुरूआत से ही बेहद संदिग्ध लग रही थी। उसने रास्ते में जबरन दबाव बनाकर अशोक से कार की चाबी ले ली और खुद ड्राइविंग करने लगा। इसके बाद उसने रास्ते में तीन अलग-अलग सुनसान जगहों पर तेज पेशाब आने का बहाना बनाकर गाड़ी रोकने की कोशिश की।

 लेकिन, खतरा भांपते हुए अशोक ने कार रोकने से मना कर दिया था। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर रोहन कुमार को हिरासत में ले लिया है और उससे गुप्त स्थान पर कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि, जल्द ही पूरी साजिश का पदार्फाश कर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments