#बस्ती_न्यूज
पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने मंगलवार को जीआरपी थाना बस्ती का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न अनुभागों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने जीआरपी थाना बस्ती के सीसीटीएनएस कार्यालय, मालखाना, बंदीगृह, शस्त्रागार और थाना कार्यालय का गहन अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों की जांच की और उन्हें अद्यतन करने के निर्देश दिए। एसपी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के लिए आर्दली रूम का आयोजन किया और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर शस्त्रागार में शस्त्रों, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, डंडे और दंगा नियंत्रण उपकरणों की स्थिति परखी गई। उन्होंने दंगा नियंत्रण यंत्रों की एक्सपायरी तिथि भी जांची और उन्हें सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित कर्मचारियों से शस्त्र प्रबंधन के संबंध में पूछताछ की और उन्हें प्रबंधन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में निर्देशित किया। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया और वहां नियुक्त महिला कर्मचारी से कार्य विवरण की जानकारी ली। एसपी ने महिला यात्रियों के प्रति उनके दायित्वों और नम्र व्यवहार रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने जीआरपी थाना बस्ती पर नियुक्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक गोष्ठी की। उन्होंने उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और प्रभारी निरीक्षक जीआरपी थाना बस्ती को उनके अतिशीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया। थाना कार्यालय के निरीक्षण के बाद, पुलिस अधीक्षक ने प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, आउटर, पार्किंग और वेटिंग हॉल का पैदल गस्त किया। उन्होंने यात्रियों के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने जीआरपी थाना प्रभारी बस्ती को आगामी त्योहारों के मद्देनजर अलर्ट रहने, संदिग्ध व्यक्तियों और ज्वलनशील पदार्थों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आरपीएफ के साथ समन्वय स्थापित कर सघन चेकिंग अभियान चलाने और दंगा नियंत्रण उपकरणों को सक्रिय अवस्था में रखने के लिए भी निर्देशित किया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
रेलवे एसपी ने जीआरपी थाने का किया निरीक्षण:गोरखपुर अनुभाग के पुलिस अधीक्षक ने वार्षिक जायजा लिया
RELATED ARTICLES












