सुपौल। जिले के निर्मली शहर में बैंक ऑफ इंडिया निर्मली शाखा के पास स्थित एक फोटो स्टूडियो पर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान स्टूडियो से कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए। मौके से संगम स्टूडियो के एक स्टाफ ललन कुमार को हिरासत में लिया गया।
जानकारी के अनुसार, स्टूडियो के मुख्य संचालक मनीष कुमार चौधरी और उनके सहयोगी राजा कुमार मौके से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि उक्त स्टूडियो कथित तौर पर साइबर अपराध से जुड़ा हुआ था और यहां फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा आधार कार्ड बनाने जैसे अवैध कार्य किए जाते थे। हालांकि प्रशासन ने अभी तक छापेमारी के सटीक कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
निर्मली के एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि छापेमारी के दौरान कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। इन साक्ष्यों की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी टीम का नेतृत्व एसडीएम धीरज कुमार सिन्हा और सुपौल के साइबर डीएसपी गौरव गुप्ता ने किया।
टीम में बीपीआरओ गौरव कुमार, बीएसओ रामलाल पासवान, निर्मली थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। लगभग पांच गाड़ियों में पहुंची टीम ने स्टूडियो को घेरकर गहन तलाशी ली।












