सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा क्षेत्र की ग्राम पंचायत महुलानी में चल रही नवदिवसीय श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के छठवें दिन का आयोजन श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। कथा व्यास पंडित राम जी शास्त्री ने इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। पंडित शास्त्री ने कालिया मर्दन से लेकर कंस वध तक की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि कैसे भगवान श्रीकृष्ण ने यमुना नदी में निवास करने वाले कालिया नाग का दमन कर गोकुलवासियों को उसके विषैले प्रभाव से मुक्ति दिलाई। इसके बाद उन्होंने मथुरा गमन, धनुष यज्ञ, और अंततः अत्याचारी राजा कंस के वध का प्रसंग प्रस्तुत किया। कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरे पंडाल में ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारे गूंजने लगे। इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। महिला, पुरुष और बच्चों ने भक्ति भाव से कथा का श्रवण किया। कथा के आयोजक रामाज्ञा पांडे ने बताया कि यह नवदिवसीय कथा निरंतर जारी है। आगामी दिनों में भगवान की अन्य लीलाओं का वर्णन किया जाएगा। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से कथा में सहभागिता करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण के साथ दिन की कथा का समापन हुआ।
महुलानी में श्रीमद्भागवत कथा का छठवां दिन:पंडित राम जी शास्त्री ने कालिया मर्दन से कंस वध तक की कथा सुनाई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












