नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) के उद्घाटन को करीब एक महीने का समय पूरा हो गया है लेकिन अब तक इस एयरपोर्ट से उड़ाने शुरू नहीं हुई हैं। अब जल्द ही उड़ाने शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) की आपत्ति के चलते उड़ान भरने की आखिरी अड़चन भी दूर हो गई है। BCAS ने नोएडा एयरपोर्ट के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) क्रिस्टोफ श्नेलमान को उनके पद पर बने रहने की मंजूरी नहीं दी थी। इसके तीन दिन बाद अब एयरपोर्ट मैनेजमेंट ने नीतू समरा को अपना अंतरिम CEO नियुक्त करने की घोषणा कर दी है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने इस संबध में एक बयान भी जारी किया है। बयान में कहा, ‘यह बदलाव ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी के उन आदशों का पालन करते हुए किया गया है जिसमें BCAS ने कहा था कि भारत में स्थित एक एयरपोर्ट का CEO एक भारतीय ही होना चाहिए।’ गौरतलब है कि BCAS ने क्रिस्टोफ श्नेलमान को उनके विदेश बैकग्राउंड के कारण CEO के पद पर काम करने की मंजूरी नहीं दी थी।
यह भी पढ़ें: कब रुकेगी मणिपुर हिंसा? नागा-कुकी झड़प, 3 की मौत; 5 घायल
क्रिस्टोफ श्नेलमान को मिली नई जिम्मेदारी
अब तक इस पद पर स्विट्जरलैंड के नागरिक क्रिस्टोफ श्नेलमान तैनात थे, जिन्हें कंपनी ने नई जिम्मेदारी सौंपते हुए एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन बना दिया है। नोयडा एयरपोर्ट को BCAS की ओर से सुरक्षा का सर्टिफिकेट जारी नहीं किया गया है। BCAS ने बताया था कि नियमानुसार ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट को संचालित करने के लिए संचालक कंपनी का सीईओ भारतीय होना जरूरी है। हालांकि, क्रिस्टोफ श्नेलमान एक स्विस नागरिक थे जिस पर BCAS ने आपत्ति दर्ज की थी। इस कारण उड़ान की मंजूरी नहीं मिल पा रही थी।
नीतू सामरा का प्रमोशन
कंपनी ने अब नीतू सामरा को नया अंतरिम CEO नियुक्त किया है। नीतू सामरा पहले कंपनी में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) के पद पर काम कर रही थीं और उन्होंने इस प्रोजेक्ट की फाइनेंस प्लानिंग में काफी अहम भूमिका निभाई है। नीतू शर्मा की नियुक्ति के साथ ही अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सुरक्षा से जुड़े लंबित मसलों के जल्द सुलझने की उम्मीद जताई जा रही है।
जल्द शुरू होंगी उड़ाने
YIAPLके चेयरमैन ने इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘मार्च 2026 में माननीय प्रधानमंत्री ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। इसके बाद से हमारा लक्ष्य यह था कि यहा से ऑपरेशन जल्द से जल्द शुरू किया जा सके। मैनेजमेंट में इस बदलाव से एयरपोर्ट BCAS की जरूरतों के हिसाब से बन गया है और साथ ही नोएडा एयरपोर्ट की लीडरशिप टीम में निरंतरता भी बनी रहती है।’
उन्होंने आगे कहा कि नई टीम अब पार्दर्शी तरीके से ऑपरेशन्स को शुरू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी। नीतू सामरा तब तक CEO बनी रहेंगी जब तक मैनेजमेंट CEO के पद पर नियुक्ति को लेकर फैसला नहीं कर लेता।












