जनपद में बेसिक शिक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति सामने आई है। शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा एक और कक्षा छह में 39 परिषदीय विद्यालयों में एक भी छात्र का नामांकन नहीं हुआ है। इस पर विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित प्रधानाध्यापकों को नोटिस जारी किया है। बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शैलेश कुमार ने प्रधानाध्यापकों को तीन कार्य दिवस के भीतर नामांकन सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया है। विभागीय समीक्षा में यह तथ्य सामने आया कि कई विद्यालयों में नए छात्रों का पंजीकरण शून्य है, जिसे विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है। बीएसए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक प्रगति नहीं हुई, तो संबंधित शिक्षकों और विद्यालय प्रशासन के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रधानाध्यापक की होगी। जारी सूची के अनुसार, बांसी, डुमरियागंज, इटवा, जोगिया, खेसरहा, मिठवल, नौगढ़, शोहरतगढ़ और उस्का बाजार ब्लॉकों के कुल 39 विद्यालय इस दायरे में हैं। इनमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालय शामिल हैं। शासन की प्राथमिकता ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। शून्य नामांकन की स्थिति ने इस अभियान की प्रगति पर सवाल खड़े किए हैं। विभाग ने सभी संबंधित विद्यालयों को अपने पोषक क्षेत्र में तत्काल घर-घर संपर्क अभियान चलाने, पात्र बच्चों को चिन्हित करने और उनका नामांकन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही, नामांकन की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट लिखित रूप में बीएसए कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है।
सिद्धार्थनगर मे शून्य नामांकन पर सख्ती:39 परिषदीय विद्यालयों को नोटिस, तीन दिन का अल्टीमेटम
RELATED ARTICLES












