श्रावस्ती जनपद के गिलौला क्षेत्र में सिसवारा राप्ती नदी पर बने पुल को जोड़ने वाली सड़क हल्की बारिश में ही कई जगह धंस गई है। कुछ महीने पहले ही निर्मित इस मार्ग पर बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि अभी राप्ती नदी में कटान शुरू नहीं हुई है और न ही तेज बारिश हुई है, फिर भी सड़क का धंसना चिंताजनक है। ग्रामीणों का आरोप है कि करोड़ों की लागत से बनी यह सड़क हल्की बारिश भी नहीं झेल पा रही है, तो बरसात में स्थिति और बिगड़ सकती है। स्थानीय निवासी पप्पू यादव, विजेंद्र यादव, अमर और वंशराज ने बताया कि सड़क की कई बार मिट्टी पटाई और मरम्मत की गई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मजबूत निर्माण और सुरक्षा कार्य नहीं कराया गया, तो सड़क पूरी तरह गड्ढों और दलदल में बदल सकती है। ग्रामीणों ने इस मार्ग को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रास्ता बताया। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि सड़क क्षतिग्रस्त होने से आवागमन बाधित होगा और बड़ी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द धंसे हुए हिस्सों और गड्ढों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से भरकर सड़क का मजबूत निर्माण कराने की मांग की है।
हल्की बारिश में ही धंसने लगी करोड़ों की सड़क:गिलौला के सिसवारा राप्ती पुल मार्ग क्षतिग्रस्त, गुणवत्ता पर उठे सवाल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












