Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर में लगी ग्राम चौपाल में पहुंचे डीएम:योजनाओं में लापरवाही पर अधिकारियों...

सिद्धार्थनगर में लगी ग्राम चौपाल में पहुंचे डीएम:योजनाओं में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी


15 मई को विकास खंड लोटन बाजार की ग्राम पंचायत देवपुर मस्जिदिया में ‘गांव की समस्या, गांव में समाधान’ ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने पेंशन, राशन, आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, बिजली बिल, वरासत और भूमि विवाद जैसी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने कई योजनाओं का लाभ मिलने की बात कही। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे। उन्होंने वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के मामलों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड बनवाने में तेजी लाने को कहा गया, ताकि गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल सके। किसानों की समस्याओं पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से बिजली विभाग की एकमुश्त समाधान योजना का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजीकरण कराकर ग्रामीण बिजली बिल में छूट प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने राशन वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने देने, भूमि विवाद और पैमाइश के मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा जन्म, आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र निर्धारित समय में जारी करने के निर्देश भी दिए। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार प्रशिक्षण और आर्थिक सहायता प्रदान कर महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही है। किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की गई, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न कराया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, पीडी नागेंद्र मोहन राम त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, डीसी एनआरएलएम देवनंदन दूबे, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी लोटन सर्वेश मोहन, ग्राम प्रधान रचना श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments