लखनऊ। एलडीए ने शिव प्रताप सिंह को सीतापुर रोड पर आवासीय भूखण्ड आवंटित किया था। किन्हीं कारणों से वह निर्धारित समय पर सम्पत्ति के मूल्य का भुगतान नहीं कर सके। नतीजा यह हुआ कि चक्रवृद्धि एवं दण्ड ब्याज लगकर बकाया धनराशि 2.36 करोड़ रूपये हो गयी। ओटीएस-2026 योजना में आवेदन करने पर बकाया धनराशि की नये सिरे से गणना हुयी और शिव प्रताप सिंह को ब्याज माफी के साथ 37 लाख रूपये की छूट मिली।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने शनिवार को ओटीएस के सफल आवेदकों को पारिजात सभागार में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। शिव प्रताप सिंह के परिवारीजनों ने शासन की इस पहल की जमकर सराहना की। साथ ही एलडीए की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। एलडीए में अभी तक 573 आवंटियों ने एकमुश्त समाधान योजना (ओ0टी0एस0) के तहत आवेदन किया है। जिसके सापेक्ष चक्रवृद्धि ब्याज एवं दण्ड ब्याज की छूट के साथ कुल 31.18 करोड़ रूपये की डिमाण्ड जनरेट की गयी है।
वित्त नियंत्रक दीपक सिंह ने बताया कि 18 अप्रैल से शुरू ओटीएस योजना 17 जुलाई, 2026 तक चलेगी। इसमें आवंटियों की सहूलियत के लिए प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। जहां ओटीएस के लिए आने वाले सभी आवंटियों को पूरी जानकारी देने के साथ ही ऑनलाइन आवेदन की कार्रवाई सुनिश्चित करायी जा रही है। इसके अलावा प्राधिकरण द्वारा अपनी विभिन्न योजनाओं में भी ओटीएस के लिए कैम्प लगाया जा रहा है।
ओटीएस योजना में सकारात्मक सहभागिता प्रदान करने वाले 11 आवंटियों को शनिवार को एलडीए ऑफिस में आमंत्रित किया गया। जहां उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में शामिल हुयी गोमती नगर निवासी मंजू सोनी ने बताया कि उनका गोमती नगर में 385 वर्गफिट का भवन है, जिसकी बकाया धनराशि पर लगभग 67 हजार रूपये की छूट मिली है। इसी तरह चेतना को बसंतकुंज योजना की सम्पत्ति पर 58 हजार रूपये की छूट मिली।
प्रकाश ने बताया कि उन्हें कानपुर रोड योजना में 330 वर्गफिट का भवन आवंटित हुआ था। जिसकी बकाया धनराशि में ब्याज माफी के लिए ओटीएस में आवेदन किया था। उन्हें लगभग 90 हजार रूपये की छूट मिली है। इसी तरह ओटीएस योजना में छूट का लाभ प्राप्त करने वाले हृदेश कुमार, विजय लक्ष्मी, प्रभात त्रिपाठी, रेनू शर्मा समेत अन्य लोगों को एलडीए उपाध्यक्ष ने बधाई दी।
एलडीए में ओटीएस-2026 योजना के तहत आवंटियों की सहूलियत के लिए विशेष कैम्प स्थापित किया गया है। इसमें आवेदन करने वाले आवंटियों को चक्रवृद्धि एवं दण्ड ब्याज से पूरी तरह छूट मिल जाएगी और वे शेष धनराशि जमा कराकर अपनी सम्पत्ति के मालिक बन सकेंगे।
प्रथमेश कुमार, वीसी एलडीए












