Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में भूमि विवाद में लाठी-डंडा व तलवार से हमला:मां-बेटे समेत कई...

बहराइच में भूमि विवाद में लाठी-डंडा व तलवार से हमला:मां-बेटे समेत कई घायल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र के परागी बेली गांव में सोमवार सुबह भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और तलवार से हमला किया, जिसमें मां-बेटे सहित कई लोग घायल हो गए। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे भूमि विवाद को लेकर गांव में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। गांव निवासी सुंदर लाल पुत्र बंशीलाल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि प्रमोद, विष्णु, कामेश्वर और राजपत सहित कई लोग लाठी-डंडा और तलवार लेकर उनके घर में घुस आए और हमला कर दिया। इस हमले में सुंदर लाल के 40 वर्षीय पुत्र राकेश और 65 वर्षीय पत्नी राधा देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अतिरिक्त, विवेक, राजकुमार और उत्तम की पत्नी को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर खैरीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर भेजा। सीएचसी शिवपुर के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि राकेश और राधा देवी के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments