कोलकाता। कोलकाता पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने बिहार पुलिस के सहयोग से पूर्णिया जिले में चल रही एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मंगलवार दोपहर एसटीएफ की ओर से जारी बयान में बताया गया कि यह कार्रवाई 18 मई की शाम गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
एसटीएफ कोलकाता पुलिस, एसटीएफ बिहार और दमदाहा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पूर्णिया जिले के हरिपुर गांव स्थित मिथु कुमार और गब्बर राय के घर पर छापा मारा।
जांच में पता चला कि वहां भूतल पर कागज की प्लेट बनाने की फैक्ट्री की आड़ में भूमिगत गुप्त कक्ष बनाकर अवैध हथियार निर्माण का काम चलाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार इस भूमिगत कक्ष को विशेष रूप से इस तरह तैयार किया गया था ताकि हथियार निर्माण के दौरान होने वाली आवाज को बाहर आने से रोका जा सके।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों की पहचान मिथु कुमार, गब्बर राय, मोहम्मद अनवर खान और मोहम्मद आफताब आलम उर्फ लादन के रूप में हुई है। बाद में इस पूरे गिरोह के मुख्य सरगना सूरज कुमार को भी बिहार के मुंगेर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने फैक्ट्री से पांच अर्धनिर्मित पिस्तौल, पांच पिस्तौल बॉडी, चार पिस्तौल बट, एक लेथ मशीन, एक मिलिंग मशीन, एक ड्रिलिंग मशीन और एक ग्राइंडिंग एवं पॉलिशिंग मशीन बरामद की। इसके अलावा भारी मात्रा में कच्चा माल और अवैध हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
एसटीएफ के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत दमदाहा थाने में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












