मुंबई। महाराष्ट्र के पुणे के एक परिवार पर काल का तांडव तब हुआ, जब वे स्वामी समर्थ के दर्शन के लिए अक्कलकोट जा रहे थे। सोलापुर जिले के कोंडी में मंगलवार को सुबह दो वाहनों की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए।
इस घटना की छानबीन सोलापुर सिविल पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुणे के देहू रोड के रवि खंडागले का परिवार देव दर्शन के लिए कार से अक्कलकोट जा रहा था।
उनकी कार आज सुबह जैसे ही कोंडी इलाके में पहुंची अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया, जिससे कार बेकाबू होकर आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। इस घटना में कार चकनाचूर हो गई और कार में सफर कर रहे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग घायल गंभीर रूप से हो गए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही सोलापुर सिविल पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों मृतकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही इस घटना में दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।
इस घटना में मृतकों की पहचान सिंधु रवि खंडागले (42), उनकी बहन नंदा भाऊराव नाथकाकर (45) और डेढ़ साल के रुद्राक्ष मोरे के रुप में की गई है। जबकि रुद्राक्ष के पिता उमेश प्रकाश मोरे (32) और माँ साक्षी मोरे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका इलाज चल रहा है। घटना की जांच की जा रही है।












