Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में बिजली विभाग के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन:सीएम को चार सूत्रीय...

बस्ती में बिजली विभाग के खिलाफ व्यापारियों का प्रदर्शन:सीएम को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर राहत की मांग

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले व्यापारियों ने बुधवार दोपहर 12 बजे बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में हुआ। बड़ी संख्या में व्यापारी राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने मोटरसाइकिल जुलूस निकाला, जो गांधीनगर होते हुए झंडा तिराहा पहुंचा। इसके बाद व्यापारी पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग की नीतियां लाखों उपभोक्ताओं और व्यापारियों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रही हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर जनहित में राहत प्रदान करने की मांग की।
मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिमूर्ति सिंह, मंडल महामंत्री रत्नाकर श्रीवास्तव और संगठन महामंत्री किशन सिंह ने प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने 47 लाख उपभोक्ताओं पर बढ़ाए गए विद्युत लोड के निर्णय को वापस लेने की मांग की। साथ ही, बिजली मीटर की कीमत 700 रुपये से बढ़ाकर 5300 रुपये किए जाने के फैसले को भी रद्द करने की मांग की गई। अन्य मांगों में बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज को समाप्त करना और उपभोक्ताओं से ली जा रही अतिरिक्त सिक्योरिटी राशि की वसूली तत्काल रोकने की मांग शामिल थी। जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया, तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। इस प्रदर्शन में जिला महामंत्री आलोक दुबे, भारत राम ‘बबलू’ अग्रहरी, नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप, कमलेश चौधरी, कुलदीप श्रीवास्तव, वंदना वर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, व्यापारी और नागरिक मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments