#बस्ती_न्यूज
बस्ती में बुधवार को ऑनलाइन फार्मेसी की अनियंत्रित कार्यप्रणाली और दवा व्यवसायियों के हितों पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव के विरोध में जिलेभर की दवा दुकानें बंद रहीं। केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन के आह्वान पर हुए इस राष्ट्रव्यापी बंद के समर्थन में दवा व्यवसायियों ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। इसमें ऑनलाइन दवा बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म बिना भौतिक सत्यापन के दवाओं की बिक्री कर रहे हैं। इससे एक ही प्रिस्क्रिप्शन का बार-बार उपयोग हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई आधारित फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के माध्यम से एंटीबायोटिक और नशीली दवाओं की बिक्री बढ़ी है, जो जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इससे ‘एंटी माइक्रोबियल रेसिस्टेंस’ जैसी समस्या तेजी से बढ़ रही है। व्यवसायियों ने यह भी कहा कि बड़े कॉरपोरेट समूह ‘डीप डिस्काउंट’ के जरिए बाजार व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं। जबकि आवश्यक दवाओं का मूल्य और मार्जिन सरकार द्वारा निर्धारित है, इसके बावजूद ऑनलाइन कंपनियां अनुचित प्रतिस्पर्धा पैदा कर छोटे और ग्रामीण क्षेत्रों के दवा विक्रेताओं के अस्तित्व पर संकट खड़ा कर रही हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कोविड-19 के दौरान जारी अस्थायी अधिसूचना को अब तक लागू रखना उचित नहीं है। इससे औषधि नियमों के प्रावधान कमजोर हो रहे हैं और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म इसका अनुचित लाभ उठा रहे हैं। इस दौरान एसोसिएशन के आशुतोष कुमार राय, चेयरमैन विशाल मल्होत्रा, महामंत्री अशोक कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष राम गोपाल कसौधन और संगठन मंत्री इन्द्रमणि पाण्डेय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
ऑनलाइन फार्मेसी के विरोध में बस्ती में दवा दुकानें बंद:बोले- डीप डिस्काउंट से व्यवस्था प्रभावित, बिना सत्यापन के हो रही बिक्री
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












