उत्तर दिनाजपुर। बिहार के दरभंगा में हुए दिल दहलाने वाले पारिवारिक हत्याकांड के बाद एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव बुधवार को उत्तर दिनाजपुर जिले के करनदीघी थाना क्षेत्र के रसाखोवा महेशपुर गांव लाए गए।
शवों के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजन व स्थानीय लोग फूट-फूट कर रोने लगे। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, महेशपुर निवासी संजीत दास हाल ही में अपने परिवार के साथ बिहार के दरभंगा जिलांतर्गत एक पोल्ट्री फार्म में काम करने गए थे, जहां वे किराए के मकान में रह रहे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार तड़के संजीत दास ने अचानक हैवानियत की हद पार करते हुए अपनी पत्नी फूलकुमारी दास, दो बेटों और एक बेटी की निर्मम हत्या कर दी।
घटना की सूचना पाकर बिहार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित संजीत दास को गिरफ्तार कर लिया। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था, जिसके बाद आज उन्हें उनके पैतृक गांव लाया गया।
मृतका फूलकुमारी के पिता ने बताया कि परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि संजीत ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर सभी की हत्या की है।
इस जघन्य वारदात से गांव के लोग स्तब्ध है। एक पिता द्वारा अपने ही परिवार को खत्म कर देने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है।












