सिद्धार्थनगर के उसका बाजार थाना क्षेत्र के महुआ स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर बुधवार दोपहर डीजल लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें 8 से 10 लोग दो युवकों को घेरकर बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। सबसे हैरानी की बात यह रही कि मौके पर एक उपनिरीक्षक भी मौजूद थे, लेकिन उनके सामने ही मारपीट होती रही। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उस्की निवासी सचिन ने थाना उसका बाजार में लिखित शिकायत देकर बताया कि वह महुआ पेट्रोल पंप पर डीजल लेने गए थे। लाइन में गैलन लगाने को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि कई लोगों ने मिलकर सचिन और उसके साथी पर हमला कर दिया और उन्हें घेरकर लात-घूंसों व थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवक खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। कुछ लोग तमाशबीन बने रहे तो कुछ ने बीच-बचाव की कोशिश की। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद होने के बावजूद मारपीट को तुरंत नहीं रोक सके। लोगों का कहना है कि दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए कि पुलिस की मौजूदगी में ही खुलेआम पिटाई होती रही। सचिन ने अपनी तहरीर में ‘जज’ नाम के एक व्यक्ति समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले में थाना उसका बाजार प्रभारी निरीक्षक से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
सिद्धार्थनगर में डीजल लेने को लेकर पेट्रोल पंप पर मारपीट,VIDEO:पुलिसकर्मी के सामने दो युवकों को 10 लोगों ने घेरकर पीटा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












