भारत-नेपाल सीमा से सटे रूपईडीहा थाना क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार देर रात कार्रवाई की। इस दौरान मौके से तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गईं। क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन की शिकायतें मिल रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप था कि रात के समय बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा था, जिससे सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा था। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने यह अभियान चलाया। नानपारा के नायब तहसीलदार अक्षय पांडेय के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने माधौपुर निदौना क्षेत्र में देर रात छापेमारी की। इस अभियान में लेखपाल मनीष बरनवाल और करुणेश त्रिपाठी भी शामिल थे। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से मिट्टी खनन करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। प्रशासनिक अधिकारियों ने जब्त किए गए वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रूपईडीहा थाना पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी रमेश सिंह रावत ने पुष्टि की कि पकड़ी गई सभी गाड़ियों को जब्त कर सीज कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में लिप्त लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की है। उनका कहना है कि यदि इसी तरह लगातार अभियान जारी रहा, तो क्षेत्र में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
रूपईडीहा में अवैध मिट्टी खनन पर कार्रवाई:प्रशासन ने तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर सीज किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











